चौरीचौरा/पिपराइच : पिपराइच में पुलिस की ‘बर्बरता’, थाने ले जाए गए युवक की हालत बिगड़ी, मेडिकल कॉलेज रेफर

पिपराइच में पुलिस की ‘बर्बरता’, थाने ले जाए गए युवक की हालत बिगड़ी, मेडिकल कॉलेज रेफर
चौरीचौरा/पिपराइच। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोमवार देर रात थाने ले जाए गए एक युवक के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामूली विवाद पर पहुंची थी डायल-112
मिली जानकारी के अनुसार, महमूदाबाद निवासी 28 वर्षीय अब्दुल रहीम का सोमवार रात करीब 11:45 बजे अपने साले शाहरुख के साथ खाना खाने को लेकर विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर बढ़ गया। इस बार अब्दुल रहीम ने स्वयं पुलिस को कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पिपराइच थाने ले गई।
परिजनों का आरोप: थाने में की गई बेरहमी से पिटाई
परिजनों का आरोप है कि थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस ने अब्दुल रहीम के साथ बेरहमी से मारपीट की। पिटाई से उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे पिपराइच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल में बेटे की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़ित परिजनों का कहना है कि केवल निलंबन से न्याय नहीं होगा, बल्कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सीओ ने दिया जांच का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) चौरीचौरा, कुंदन सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल, पूरा क्षेत्र इस घटना को लेकर चर्चाओं में है और लोग उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
इस दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि सीईओ चौरी चौरा के द्वारा जांच की जा रही है थाने से संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है जांच चल रही है जो भी पुलिसकर्मी दोषी होंगे उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी
इन सभी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बृजेश गौतम के नेतृत्व में एसएसपी से किया मुलाकात और पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा करते हुए पुलिस के द्वारा की गई बर्बरता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की



