अयोध्या मंदिर चंदा गड़बड़ी मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा – गोरक्षनाथ सनातन संघ

अयोध्या मंदिर चंदा गड़बड़ी मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा – गोरक्षनाथ सनातन संघ
नई दिल्ली। गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सह दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पंडित संतोष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद त्रिपाठी जी ने अयोध्या मंदिर से जुड़े कथित चंदा गड़बड़ी प्रकरण पर स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि सनातन धर्म की आस्था, मंदिरों की गरिमा और श्रद्धालुओं के विश्वास से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को आधार बनाकर किसी भी संत, महंत या धर्माचार्य की छवि धूमिल करने का प्रयास निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर का ट्रस्ट भारत सरकार द्वारा गठित है तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के अनुसार उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पंडित संतोष मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ की जा रही है। प्रकरण में मुकदमा दर्ज हो चुका है तथा कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि गोरक्षनाथ सनातन संघ भ्रष्टाचार, अनियमितता और धार्मिक संस्थाओं में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी के विरुद्ध सदैव मुखर रहा है। संघ का स्पष्ट मानना है कि धर्मस्थलों की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
राष्ट्रीय संयोजक श्री ओमकार सिंह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री आशीष कुमार राय जी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक प्रचार पर विश्वास न करें तथा जांच एजेंसियों और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें। सत्य सामने आने पर दोषियों को निश्चित रूप से कानून के अनुसार दंड मिलेगा और निर्दोषों की गरिमा भी अक्षुण्ण रहेगी।
गोरक्षनाथ सनातन संघ सनातन धर्म, राष्ट्रहित और सामाजिक पारदर्शिता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाले तत्वों के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई जारी रखेगा।



