गाजीपुर : गाजीपुर में धूमधाम से मनाया गया व्यापारी कल्याण दिवस, दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि, उद्यमी हुए सम्मानित

गाजीपुर में धूमधाम से मनाया गया व्यापारी कल्याण दिवस, दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि, उद्यमी हुए सम्मानित
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा— व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, उद्योग बढ़ाकर रोजगार और समृद्धि को दें नई दिशा।

गाजीपुर। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया।मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने व्यापारियों को व्यापारी कल्याण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी टैक्स के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देते हैं तथा जिले में उद्योग स्थापित कर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपने कारोबार का विस्तार करने और छोटे उद्यमियों को भी आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही दानवीर भामाशाह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने अपने संबोधन में दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे ओसवाल जैन परिवार में जन्मे थे और महाराणा प्रताप के सबसे विश्वसनीय सहयोगियों में शामिल थे। भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति राष्ट्र और राज्य की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उनके वित्तीय सहयोग से महाराणा प्रताप ने वर्षों तक अपने सैनिकों का संचालन किया और संघर्ष जारी रखते हुए पुनः अपना राज्य प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भामाशाह का त्याग, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और उदारता भारतीय इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।कार्यक्रम के दौरान जनपद में औद्योगिक विकास एवं पूंजी निवेश को बढ़ावा देने वाले उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त राज्य कर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए दानवीर भामाशाह के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।इस अवसर पर जीएम डीआईसी, विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, व्यापारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



