गाजीपुर : ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के दिए निर्देश

ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के दिए निर्देश

गाजीपुर, 24 जून। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड बिरनों के ग्राम पंचायत पिरथीपुर (अराजी ओड़ासन) स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की समीक्षा करना रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व, पेंशन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के माध्यम से सभी जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला सहित अन्य योजनाओं का विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पारदर्शी एवं सुगम तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



