Breaking Newsभारत

गाजीपुर : ‘सरकार आपके द्वार’ ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मंडलायुक्त ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

‘सरकार आपके द्वार’ ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मंडलायुक्त ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर, 20 जून, 2026। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून, 2026 तक प्रदेशभर में संचालित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के तहत गांव की समस्या गांव में और ‘सरकार आपके द्वार’ की अवधारणा पर जन-समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में शनिवार को विकास खंड सैदपुर की ग्राम पंचायत हसनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में वाराणसी मंडल के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा भी उपस्थित रहे।ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।चौपाल के दौरान मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे।मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। साथ ही विद्यालय परिसर में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया।मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button