गाजीपुर : पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, गाजीपुर के 4.17 लाख किसानों को मिले 83.56 करोड़ रुपये

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, गाजीपुर के 4.17 लाख किसानों को मिले 83.56 करोड़ रुपये
गाजीपुर, 20 जून, 2026। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, कृषि मंडियों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों पर आयोजित किया गया।जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद गाजीपुर के 4,17,832 किसानों के खातों में 83.56 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इस प्रकार अब तक 23 किस्तों के माध्यम से जनपद के किसानों को कुल 1,923 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है।कार्यक्रम में उपस्थित जिन किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि प्राप्त हुई, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। किसानों ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की यह राशि कृषि कार्यों में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है तथा इससे खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद मिलती है।



