गाजीपुर : सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वाले 250 अकाउंट पुलिस ने कराए टेकडाउन

सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वाले 250 अकाउंट पुलिस ने कराए टेकडाउन
गैंग बनाकर भय फैलाने, अवैध शस्त्र प्रदर्शन और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अकाउंट पुलिस की निगरानी में
गाजीपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस क्रम में पुलिस ने अपराध को बढ़ावा देने, भय का माहौल पैदा करने तथा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले 250 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित कर उन्हें टेकडाउन करा दिया है।पुलिस के अनुसार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर ऐसे कई अकाउंट सक्रिय थे, जिनके माध्यम से आपराधिक प्रवृत्ति के लोग अलग-अलग नामों से गैंग बनाकर आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न कर रहे थे। इन अकाउंटों पर समूह में मोटरसाइकिलों से घूमने, सार्वजनिक शांति भंग करने, अवैध शस्त्रों का प्रदर्शन करने तथा उससे संबंधित फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे थे।जनपद पुलिस ने ऐसे अकाउंटों की गहन निगरानी एवं सत्यापन के बाद संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को रिपोर्ट भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई। पुलिस की कार्रवाई में कुल 250 संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए और सभी 250 अकाउंट टेकडाउन करा दिए गए।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल अकाउंटों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक, अवैध या अपराध को बढ़ावा देने वाली सामग्री अथवा अकाउंट दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस के ‘सतर्क मित्र’ चैटबॉट नंबर 7839860411 पर उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



