गाजीपुर : विकास प्रदर्शनी में उमड़ी लोगों की भीड़, सरकारी योजनाओं की ली जानकारी

विकास प्रदर्शनी में उमड़ी लोगों की भीड़, सरकारी योजनाओं की ली जानकारी
रायफल क्लब परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी के दूसरे दिन विभिन्न विभागों के स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र

गाजीपुर, 18 जून। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा रायफल क्लब परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।18 से 20 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास की यात्रा से अवगत कराना है।प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या, श्री काशी विश्वनाथ धाम, वाराणसी और महाकुंभ प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी विशेष स्थान दिया गया है। कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन से संबंधित जानकारियां भी प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं।प्रदर्शनी स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट के साथ बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर आगंतुकों की खासी भीड़ देखने को मिली। सूचना विभाग गाजीपुर द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।प्रदर्शनी में खाद एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, मत्स्य, कृषि, वन, डाक, पुलिस, आपदा एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है।प्रदर्शनी में संस्कृति विभाग से पंजीकृत कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जा रही हैं, जो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं।



