Breaking Newsभारत

गोरखपुर : नगर आयुक्त अजय जैन ने चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण…महेसरा सीएंडडी वेस्ट सेंटर में सफाई, मशीनों पर शेड और टाइल्स के स्ट्रेंथ टेस्ट के निर्देश..

नगर आयुक्त अजय जैन ने चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण…महेसरा सीएंडडी वेस्ट सेंटर में सफाई, मशीनों पर शेड और टाइल्स के स्ट्रेंथ टेस्ट के निर्देश..

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार को चरगावां स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन एवं महेसरा स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

चरगावां स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि यहां से निकलने वाली सभी कचरा वाहनों में अनिवार्य रूप से आरएफआईडी (RFID) टैग लगाए जाएं, जिससे वाहनों की आवाजाही और कचरे के परिवहन की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि एक साथ गाड़ियों के वजन और उनमें लदे कचरे की मात्रा की निगरानी नगर निगम कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से की जा सके। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कचरा प्रबंधन प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत किया जा सकेगा।

इसके बाद नगर आयुक्त ने महेसरा स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में उगी घास की साफ-सफाई कराकर पूरे क्षेत्र को समतल कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यस्थल व्यवस्थित और सुरक्षित बना रहे। सेंटर के संचालक ने बताया कि यहां महानगर से एकत्रित किए गए निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) से इंटरलॉकिंग टाइल्स और बैठने के लिए बेंच तैयार किए जा रहे हैं, जो कचरे के पुनः उपयोग का एक सराहनीय उदाहरण है।

नगर आयुक्त ने तैयार हो रही इंटरलॉकिंग टाइल्स की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उनका स्ट्रेंथ टेस्ट कराने के निर्देश दिए, ताकि इनका उपयोग सुरक्षित और टिकाऊ हो सके। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि प्लांट में लगी मशीनों के ऊपर शेड नहीं है, जिससे उनमें जंग लगने की आशंका बनी रहती है। इस पर उन्होंने तत्काल मशीनों के ऊपर शेड लगवाने और मशीनों की नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, नगर आयुक्त ने परिसर को और विकसित करने के उद्देश्य से पाथवे, प्लांटेशन और गार्डन विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे यह स्थान न केवल कार्यात्मक बल्कि पर्यावरण के अनुकूल और व्यवस्थित भी बन सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाओं को तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button