Breaking Newsभारत

गुरुग्राम : झाड़ू थामे हाथों ने उठाई आवाज़, धरनास्थल पर पहुंचा कांग्रेस का साथ”

रिपोर्टर इंडिया नाउ 24 सुरेंद्र गुरुग्राम

झाड़ू थामे हाथों ने उठाई आवाज़, धरनास्थल पर पहुंचा कांग्रेस का साथ”

सोहना नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल को मिला राजनीतिक बल, वर्धन यादव बोले — ‘हक की लड़ाई में कांग्रेस साथ खड़ी है’

गुरुग्राम। सोहना नगर पालिका के हड़ताली कर्मचारियों का आंदोलन अब केवल कर्मचारियों की मांगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सरकार की नीतियों और कर्मचारियों के अधिकारों को लेकर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुग्राम जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष वर्धन यादव धरनास्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों को अपना खुला समर्थन देते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

धरनास्थल पर पहुंचते ही वर्धन यादव ने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि जनता की सेवा में दिन-रात जुटे सफाईकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों की आवाज़ को दबाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से शहरों और कस्बों की सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारी आज अपने ही अधिकारों के लिए सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं।

सेवा करने वालों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारियों को केवल आश्वासन देने तक सीमित है, जबकि हकीकत यह है कि सफाईकर्मी और अन्य पालिका कर्मचारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के बजाय उनकी आवाज़ दबाने का माध्यम बन गई हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी हर मौसम में जनता की सेवा करते हैं। शहरों को स्वच्छ रखने से लेकर आपातकालीन परिस्थितियों तक अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन बदले में उन्हें न तो स्थायी रोजगार मिल रहा है और न ही पर्याप्त वेतन और सामाजिक सुरक्षा।
फरीदाबाद के अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि

धरने के दौरान वर्धन यादव ने फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले अग्निशमन कर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने मांग उठाई कि मृतक अग्निशमन कर्मियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

कच्चे कर्मचारियों को मिले स्थायी हक

कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, वेतनमान में वृद्धि हो, लंबित भत्तों का भुगतान किया जाए और कर्मचारियों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही कार्य परिस्थितियों में सुधार कर कर्मचारियों को सम्मानजनक माहौल दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक वार्ता करनी चाहिए ताकि आंदोलन का समाधान निकल सके। वर्धन यादव ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को दबने नहीं दिया जाएगा और उनकी आवाज़ हर मंच पर मजबूती से उठाई जाएगी।

इस अवसर पर पीसीसी मेम्बर पंकज भारद्वाज, पूर्व चेयरमैन मोहनलाल सैनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश खटाना, बीर सिंह नंबरदार, कैप्टेन शीशपाल, जिला सचिव राहुल नंबरदार,मोहन सैनी, जोगिंदर सिंह बागड़ी, धर्म भारद्वाज, दुर्गा प्रसाद, समय सिंह आदि अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button