Breaking Newsभारतराजनीति

जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां में स्व. विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण, मुख्य अतिथि Manoj Sinha ने दी श्रद्धांजलि

जखनियां में स्व. विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण, मुख्य अतिथि Manoj Sinha ने दी श्रद्धांजलि

शिक्षा व सामाजिक सेवा के प्रतीक रहे विजय बहादुर सिंह को याद कर बोले—“ऐसे व्यक्तित्व राष्ट्र निर्माण के दीप स्तंभ होते हैं”

जखनियां (गाजीपुर)।तहसील क्षेत्र अंतर्गत वृंदावन बालकृष्ण इंटर कॉलेज परिसर में मंगलवार को स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल Manoj Sinha के कर कमलों द्वारा प्रतिमा का अनावरण संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह (जन्म: 26 जनवरी 1932 – निधन: 11 अगस्त 2011) के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे केवल शिक्षण संस्थान के संस्थापक नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के सशक्त वाहक थे। उन्होंने कहा,

“जखनियां क्षेत्र में इस महान आत्मा ने शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से जो कार्य किए, वह असंभव को संभव करने का उदाहरण हैं। ऐसे लोग ही राष्ट्र के सच्चे नायक होते हैं।”उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं होती, आवश्यकता उन्हें सही दिशा देने की है। विजय बहादुर सिंह ने बांस और सरपत जैसे साधनों से विद्यालय की स्थापना कर यह साबित किया कि दृढ़ संकल्प से कोई भी कार्य असंभव नहीं है। आज उसी परिश्रम का परिणाम है कि क्षेत्र में विद्यालयों व डिग्री कॉलेजों की स्थापना हो चुकी है।मुख्य अतिथि ने देश के विकास पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि आज भारत डिजिटल लेनदेन, आवास, शौचालय, हवाई अड्डों और नई शिक्षा नीति के माध्यम से सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए त्याग, परिश्रम और दृढ़ निश्चय आवश्यक है, जैसा स्व. सिंह ने अपने जीवन में किया।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कृपाशंकर सिंह द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वहीं संस्थापक प्रधानाचार्य परमानंद मिश्रा को भी मंच पर सम्मानित किया गया।बालकृष्ण यति डिग्री कॉलेज, हथियाराम के प्राचार्य डॉ. रत्नाकर त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि “आप विकास के पर्याय हैं। आपने चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में पारदर्शिता और सुशासन का वातावरण स्थापित किया है।”कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. विजय बहादुर सिंह को दानवीर, कर्मठ एवं समाजसेवी व्यक्तित्व बताते हुए उनके योगदान को अनुकरणीय बताया। उनके पुत्र अनिल सिंह ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता के लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं था और वे हर कार्य को ईमानदारी से निभाते थे।समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह, पारसनाथ राय, रामराज वनवासी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार मिश्रा ने किया, जबकि अंत में आभार प्रधानाचार्य कृपाशंकर सिंह ने व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button