जखनियां (गाजीपुर) : दामोदरपुर में दबंगई: युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा

दामोदरपुर में दबंगई: युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा
पुरानी रंजिश: बीच-बचाव करने गए ग्रामीणों से भी बदसलूकी, वीडियो बनाने पर मोबाइल पटका
जखनियां (गाजीपुर) | भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर चार दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुई इस मारपीट में युवक के सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
रास्ते में घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, दामोदरपुर निवासी हरिओम यादव पुत्र जवाहिर यादव सुबह करीब सात बजे बहेरा गांव से अपने घर लौट रहे थे। तभी गांव के ही चार लोगो ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर चारों ने हरिओम पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण शिवनयन यादव ने जब घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर फेंक दिया। हालांकि, ग्रामीणों के एकजुट होने पर हमलावर पीछे हटे। बताया जा रहा है कि एक तस्वीर मोबाइल में कैद हो गई है, जो पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपी गई है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पहले भी विवाद हुआ था जिसे पंचायत के जरिए सुलझा लिया गया था, लेकिन आरोपी रंजिश पाले हुए थे। इस संबंध में उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



