Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : मेमू ट्रेन पर चढ़ते समय फिसले ग्राम विकास अधिकारी, अस्पताल में तोड़ा दम—जखनियां में शोक की लहर,

मेमू ट्रेन पर चढ़ते समय फिसले ग्राम विकास अधिकारी, अस्पताल में तोड़ा दम—जखनियां में शोक की लहर,

ड्यूटी के लिए निकले थे अंगद राम, भीड़ के बीच हादसे की आशंका; पूरे विकास खंड में गम का माहौल

जखनियां (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के मूल निवासी एवं जखनियां ब्लॉक के केशरूवा धर्मागतपुर शंकरपुर कोठिया ग्राम सभा में तैनात ग्राम विकास अधिकारी अंगद राम (52) की सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र और ग्राम विकास अधिकारी संगठन में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंगद राम वाराणसी के सारनाथ स्थित अपने आवास से ड्यूटी के लिए निकले थे। सुबह लगभग 9 बजे वह ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेमू ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

अंगद राम अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। क्षेत्र में वे एक मिलनसार, कर्मठ और ईमानदार अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में भी गहरा शोक व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही जखनियां विकास खंड के अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल व उनके आवास पर पहुंचने लगे। खंड विकास अधिकारी भीम राव प्रसाद, एडीओ पंचायत अशोक यादव, फैज अहमद, राजकमल गौरव, अंजनि सोनकर, रामजनम सिंह, नवीन श्रीवास्तव, यशवंत राम, यशवंत यादव, प्रशांत, संजय सक्सेना, आरती चौहान, सतीश कुमार, हरिद्वार यादव सहित अन्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

क्षेत्र में शोक, प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन से भीड़भाड़ वाले ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और नियंत्रण को सुदृढ़ करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button