जखनियां/गाजीपुर : जलालपुर धनी मठिया में 9 दिवसीय श्री राम कथा का भव्य आयोजन 22 अप्रैल से

जलालपुर धनी मठिया में 9 दिवसीय श्री राम कथा का भव्य आयोजन 22 अप्रैल से
शादी की 25वीं सालगिरह पर अखिलेश गिरी द्वारा आयोजन, 30 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 7 से 10 बजे तक होगी कथा

जखनियां/गाजीपुर।जनपद के तहसील जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा जलालपुर धनी मठिया में 9 दिवसीय श्री राम कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन 22 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। कथा का समय आयोजन समिति द्वारा प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।यह दिव्य आयोजन ग्राम निवासी अखिलेश गिरी द्वारा अपनी वैवाहिक जीवन की 25वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर कराया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण व्याप्त है। कथा का श्रवण श्रद्धालुओं को मुख्य वक्ता प्रेम मूर्ति एवं युवा संत सर्वेश जी महाराज के मुखारविंद से कराया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार कथा में मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती तारा गिरी, अखिलेश गिरी, मनोरमा गिरी, रमेश गिरी एवं वंदना गिरी उपस्थित रहेंगे।
कथा के विभिन्न दिवसों में धार्मिक प्रसंगों का विशेष वर्णन किया जाएगा—
प्रथम दिवस में श्रीरामचरितमानस का महात्म्य, द्वितीय दिवस में सती प्रसंग, तृतीय दिवस में शिव विवाह, चतुर्थ दिवस में भगवान के अवतार के कारण, पंचम दिवस में भव्य राम जन्मोत्सव, षष्ठम दिवस में नामकरण एवं विद्या अध्ययन, सप्तम दिवस में श्रीराम विवाह महोत्सव, अष्टम दिवस में वन गमन एवं केवट प्रसंग तथा नवम दिवस में शबरी प्रसंग, सुंदरकांड एवं भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का मार्मिक वर्णन किया जाएगा।नवम दिवस पर कथा समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।वहीं कथा के शुभारंभ से पूर्व प्रथम दिवस पर ग्राम सभा में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता रहेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश गिरी एवं रमेश गिरी ने पत्रकार वार्ता के दौरान समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनेगा।



