गाजीपुर : गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ

गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ

गाजीपुर, 20 मार्च 2026। केंद्र सरकार के 11 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल (राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार) ने विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम परिसर में किया। ‘‘नव निर्माण के नौ वर्ष—संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि’’ थीम पर आधारित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।शुभारंभ के दौरान मंत्री ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से आमजन को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिलती है। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे, जहां योजनाओं की जानकारी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश और वार्षिक कैलेंडर भी वितरित किया गया।कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र द्वारा ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के तहत लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण चेक बांटे गए। सूचना विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया।अपने संबोधन में मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते 9 वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। कानून-व्यवस्था में सुधार, किसानों के हित में फैसले और निवेश को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने पूर्व की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए मॉडल बन चुका है।विधायक जखनिया बेदी राम ने भी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी विकास की झलक प्रस्तुत करती है। उन्होंने जिले में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की प्रशंसा की जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि यह महोत्सव 18 मार्च से 26 मार्च तक विभिन्न थीम पर आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन लोकमंच और ऑडिटोरियम में कार्यक्रम होंगे, जहां लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और लाभ भी ले सकेंगे। 20 मार्च को युवा उद्यमी, हस्तशिल्प एवं ओडीओपी थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



