गाजीपुर : डीएम के निर्देश पर जनपद की सभी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

डीएम के निर्देश पर जनपद की सभी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

गाजीपुर, 09 जुलाई 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर गुरुवार को जनपद की सभी अस्थायी एवं स्थायी गौशालाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य गौवंशों के संरक्षण, समुचित भरण-पोषण, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का सत्यापन करना रहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर प्रत्येक बिंदु का तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी या अनियमितता मिले, उसका स्पष्ट उल्लेख निरीक्षण रिपोर्ट में करते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से विस्तृत निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय लेकर गौशालाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय ने बिरनो गौ-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। वहीं परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला समन्वयक (मनरेगा), जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारी ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों की गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गौशाला परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता, जलभराव एवं कीचड़ की स्थिति का गहन निरीक्षण किया तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गौवंशों के लिए हरे चारे की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं पर्याप्त मात्रा, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, रात्रिकालीन सुरक्षा, गौसेवकों के मानदेय भुगतान, उपस्थिति तथा गौशालाओं के संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी विस्तृत सत्यापन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि गौवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक गौशाला में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



