स्वतंत्रता दिवस पर यूपी पुलिस का मान: 12 अफसरों को वीरता पदक, 81 अन्य पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर यूपी पुलिस का मान: 12 अफसरों को वीरता पदक, 81 अन्य पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित
लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस और सुरक्षा बलों के शौर्य व उत्कृष्ट योगदान का बड़ा सम्मान होने जा रहा है। राज्य के 12 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रेसिडेंट पुलिस मेडल फॉर गैलरी (वीरता पदक) से नवाजा जाएगा। इसके अलावा, 81 अन्य पुलिसकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इतना ही नहीं, अग्निशमन सेवा (Fire Services) के 16 कर्मियों को भी राष्ट्रपति के वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत वीरता पदक
विशेष टास्क फोर्स (STF) के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। शामली में बदमाशों के साथ हुई साहसिक मुठभेड़ के दौरान वे गोली लगने से वीरगति को प्राप्त हुए थे।
उत्कृष्ट सेवा पदक पाने वाले प्रमुख अधिकारी
उत्कृष्ट और अनुकरणीय सेवा के लिए निम्नलिखित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा:
ध्रुव कांत ठाकुर – पुलिस महानिदेशक (DGP), उत्तर प्रदेश
पद्मजा चौहान – अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG), उत्तर प्रदेश
प्रशांत कुमार – अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG), उत्तर प्रदेश
देव नारायण यादव – सहायक कमांडेंट, उत्तर प्रदेश
अजय कुमार त्रिपाठी – सहायक कमांडेंट, उत्तर प्रदेश
विकास श्रीवास्तव – उप पुलिस अधीक्षक (DSP), उत्तर प्रदेश


