सैदपुर (गाजीपुर) : घर पर फायरिंग व धमकी मामले का वांछित आरोपी पिस्टल और खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार

घर पर फायरिंग व धमकी मामले का वांछित आरोपी पिस्टल और खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार
सैदपुर (गाजीपुर), 6 जुलाई। थाना सैदपुर पुलिस ने घर पर फायरिंग कर धमकाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गई है।पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को वादी राजू सिंह निवासी हिराधरपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्तगण उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर धमकाकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सैदपुर में मुकदमा अपराध संख्या 240/2026, धारा 125, 351(2), 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 5 जुलाई को उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ भीमापार बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नामजद अभियुक्त रोशन सिंह (32 वर्ष) पुत्र अरुण सिंह, निवासी राजधरपुर, थाना सैदपुर को जगदीशपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और तीन .32 बोर के खोखा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार एवं थाना सैदपुर पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।



