
साइबर हेल्प डेस्क की पहल से यूपीआई फ्रॉड के 10 हजार रुपये वापस
कोर्ट के आदेश पर पीड़ित के खाते में वापस कराई गई ठगी की रकम, पीड़ित ने पुलिस का जताया आभार
बिरनो, गाजीपुर। थाना बिरनो क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार हुए युवक को पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की पहल से राहत मिली है। साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड के जरिए ठगी गई 10 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।पुलिस के अनुसार विशुनपुरा निवासी सोनू यादव पुत्र रामदरश यादव के साथ ऑनलाइन फ्रॉड कर 10 हजार रुपये की धनराशि ठग ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का नंबर 33106260148259 बताया गया है।मामले में थाना बिरनो की साइबर हेल्प डेस्क के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कुमार ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की गई धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय के आदेश के माध्यम से 10 हजार रुपये की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित सोनू यादव के बैंक खाते में वापस करा दी गई।रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने गाजीपुर पुलिस की टीम एवं साइबर हेल्प डेस्क बिरनो के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने साइबर अपराध से पीड़ित लोगों से तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।



