
शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को लेकर मतदान कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा, मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी से दूर होगा भ्रम, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्राथमिकता
गाजीपुर, 14 अक्टूबर। वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के आरटीआई सभागार में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के जरिए ईवीएम से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से अवगत कराते हुए निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों को सही ढंग से निभाने के बारे में समझाया गया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में पीठासीन अधिकारियों और मतदान कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सभी कार्मिकों को मतदान से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को अपने दायित्वों और निर्वाचन नियमों की सही जानकारी होनी चाहिए, जिससे मतदान के दिन किसी प्रकार का भ्रम न रहे और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने पर जोर देते हुए कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कार्मिकों को निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत मतदान कार्मिकों का रैंडमाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद 17 अक्टूबर को पुनः प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।प्रशासन का उद्देश्य कार्मिकों को पूरी तरह प्रशिक्षित कर वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।



