भारतराजनीति

वृहद रोजगार मेले में 654 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 25 से अधिक कंपनियों ने विभिन्न पदों पर किया चयन

वृहद रोजगार मेले में 654 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

 

2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 25 से अधिक कंपनियों ने विभिन्न पदों पर किया चयन

 

जंगीपुर/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया फदनपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विधानसभा क्षेत्र जंगीपुर में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। मेले में 2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 654 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किया गया।रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत की प्रशासक श्रीमती सपना सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, गाजीपुर के प्रबंध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह, उप प्राचार्य नवनीत वर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।मुख्य अतिथि श्रीमती सपना सिंह ने रोजगार मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को उपलब्ध रोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित होने वाले ऐसे आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, ताकि रोजगार की तलाश कर रहे अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने युवाओं के हित में रोजगार मेलों के निरंतर आयोजन पर भी जोर दिया।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के नवनिर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं में कौशल विकास और प्रशिक्षण को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने जनपद में संचालित रोजगार उन्मुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने रोजगार मेले के आयोजन के लिए सत्यदेव कॉलेज प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय की सराहना की।सीडीओ ने बताया कि सेवायोजन विभाग के माध्यम से पूर्व में विदेशों में भी युवाओं की भर्ती कराई गई है तथा वर्तमान में रोजगार मेलों के माध्यम से देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि संस्था ऐसे आयोजनों में आगे भी सहयोग के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक रोजगार इच्छुक युवाओं को ऐसे आयोजनों के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल सकें, यही सरकार और समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने रोजगार मेले को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।रोजगार मेले में प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्रा. लि., उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक वाराणसी, क्वैस कॉरपोरेशन प्रा. लि., सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लीलैंड लि., एमआरएफ टायर्स, लाउन्ड्री मेट, हिंदाल्को रेनूकोट, रोहित हाईब्रिड सीड्स प्रा. लि., पीएनबी मेटलाइफ सहित 25 से अधिक कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया।कंपनियों की ओर से ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिथियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र हाथ में पाकर युवाओं के चेहरे पर खुशी नजर आई।इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता से आयोजन स्थल पर पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button