भारतराजनीति

गाजीपुर में सेवा समर्पण अभियान के तहत लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया शुभारंभ, मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी, सीटी स्कैन व चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण

गाजीपुर में सेवा समर्पण अभियान के तहत लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर

 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया शुभारंभ, मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी, सीटी स्कैन व चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण

गाजीपुर।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने के अवसर पर सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत शनिवार को लंका मैदान में वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आमजन को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पंजीकरण कराया।वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर 26, 27 एवं 28 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बहु विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र के माध्यम से विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया है। उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती, सुलभ एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से जिले के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अब उन्हें सीटी स्कैन एवं दवाओं के लिए वाराणसी अथवा लखनऊ जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन तथा चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का फीता काटकर लोकार्पण किया।लोकार्पण के बाद उन्होंने अमृत फार्मेसी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध दवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद चारों मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले गरीब एवं असहाय मरीजों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सा एवं जांच सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से चिकित्सा सुविधाओं एवं संस्थान के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव भी उप मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए।मीडिया से वार्ता के दौरान ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अन्य नए मेडिकल कॉलेजों की अपेक्षा अच्छा कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर बेहतर कार्य करता रहेगा।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आनंद मिश्रा की ओर से संस्थान के विकास एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से संबंधित पांच प्रमुख प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाओं के विकास, 200 एवं 300 शैय्या वाले चिकित्सालयों को जोड़ने के लिए सीसी रोड एवं संपर्क मार्ग निर्माण, मुख्य परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक एवं लेक्चर थिएटर भवन को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा ट्रामा सेंटर से संबंधित कार्य शामिल रहे।उप मुख्यमंत्री ने प्रस्तावों को शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इससे मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा एवं आधारभूत सुविधाओं के और विस्तार का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button