लखनऊ जेल में बंद भाइयों की कलाई पर बहनों ने सजाई राखी, बोलीं- जल्द हो रिहाई; डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के आवास पर भी विशेष कार्यक्रम

लखनऊ जेल में बंद भाइयों की कलाई पर बहनों ने सजाई राखी, बोलीं- जल्द हो रिहाई; डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के आवास पर भी विशेष कार्यक्रम

लखनऊ।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आज जिला कारागार लखनऊ में भावुक पल देखने को मिले। सुबह 7 बजे से ही बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंच रही हैं। अब तक करीब एक हजार महिलाएं अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध चुकी हैं।
बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान उन्होंने भाइयों की लंबी उम्र और जल्द रिहाई की कामना की। कई जगह भावुक पल भी देखने को मिले।
जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल ने बताया कि बहनों की सुविधा को देखते हुए हेल्प डेस्क पर राखी और मिठाई की निशुल्क व्यवस्था की गई है। ताकि जल्दबाजी में जेल पहुंचने वाली महिलाओं को राखी और मिठाई के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। राखी बांधकर बाहर निकलने वाली महिलाओं और बच्चों के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई है। मुलाकात के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
डिप्टी CM के आवास पर कार्यक्रम
वहीं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी आज बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाएंगे। उनके आवास पर सुबह 10 बजे विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचकर उन्हें राखी बांधेंगी।


