नवरात्रि और दशहरा पर शांति-सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जमानिया में डीएम-एसपी ने किया पैदल रूट मार्च
संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों का लिया जायजा, अफवाहों से दूर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील

नवरात्रि और दशहरा पर शांति-सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जमानिया में डीएम-एसपी ने किया पैदल रूट मार्च
संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों का लिया जायजा, अफवाहों से दूर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील

गाजीपुर, 12 अक्टूबर।आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील जमानिया क्षेत्र में पैदल रूट मार्च कर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख स्थानों का भ्रमण करते हुए स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।पैदल रूट मार्च थाना कोतवाली जमानिया एवं तहसील परिसर से प्रारंभ होकर नगर पालिका रोड, हॉस्पिटल रोड, लोदीपुर, चौधरी मोहल्ला, कंकड़बाघाट, बलुआ घाट चौराहा तथा बलुआ घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और आमजन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। रूट मार्च में उपजिलाधिकारी जमानिया, थाना प्रभारी जमानिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सभी नागरिक आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास, शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी व्यक्ति को समस्या होने अथवा कोई शिकायत सामने आने पर वह अपने नजदीकी थाने या तहसील प्रशासन से संपर्क कर सकता है। जिला प्रशासन आमजन की सुरक्षा, सुविधा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि अराजकता फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से प्रशासन का सहयोग करने तथा सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सभी नागरिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। कहीं भी विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से बचें। प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करते हुए जिम्मेदारी और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।



