रक्षाबंधन से पहले गोरखपुर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 600 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त, 750 किलो नष्ट

रक्षाबंधन से पहले गोरखपुर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 600 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त, 750 किलो नष्ट
*गोरखपुर।* रक्षाबंधन पर्व पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले भर में सघन अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को दो टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान *600 किलोग्राम संदिग्ध मिठाई जब्त* की गई, जबकि *750 किलोग्राम खराब एवं दूषित मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट* करा दिया गया। गंदगी मिलने पर एक खाद्य निर्माण इकाई को सील भी किया गया है।
*बसों में भी हो रही चेकिंग*
सहायक आयुक्त (खाद्य-II) के निर्देशन में टीम ने सुबह से निजी बसों और अन्य वाहनों की जांच शुरू की। कुसम्ही की ओर जा रहे एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें केक के नाम पर ले जाई जा रही संदिग्ध मिठाई मिली। टीम ने उसका नमूना लेकर पूरी 600 किलो मिठाई जब्त कर ली। साथ ही फ्रोजन मटर और सोनबरसा क्षेत्र से सोनपापड़ी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
*गंदगी पर फैक्ट्री सील*
चौरीचौरा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक मिठाई फैक्ट्री में भारी गंदगी मिली। टीम को देख संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया, जिसके बाद प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया गया।
वहीं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर राय के नेतृत्व में दूसरी टीम ने श्री जी इंटरप्राइजेज पर छापा मारकर लड्डू, छेना और पेड़ा के तीन नमूने लिए और करीब 250 किलो दूषित सामग्री नष्ट कराई।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगेंद्र, अरुण कुमार, संदीप, प्रतिमा, संतोष, ओमप्रकाश सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभाग ने कहा कि त्योहारों पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



