गोरखपुर मंडल के 75 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित होंगे

गोरखपुर मंडल के 75 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित होंगे

गोरखपुर, 16 अगस्त 2026। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 8 सितंबर 2026, मंगलवार को तारामंडल स्थित कैम्प कार्यालय में मंडलीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 एवं शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन गोरखपुर मंडल की आवश्यक बैठक मंडल अध्यक्ष उपेंद्र उपाध्याय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री त्रिपुरारी दूबे ने किया।
प्रदेश मंत्री एवं आयोजन समिति के संयोजक तारकेश्वर शाही ने बताया कि समारोह में गोरखपुर मंडल के 75 उत्कृष्ट शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं स्पेशल एजुकेटर को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा 12 प्रशासनिक अधिकारियों, जो पूर्व में शिक्षक रहे हैं, को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेदप्रकाश राय करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डायट गोरखपुर के उप निदेशक/प्राचार्य अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रावस्ती सतेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक देवीपाटन मंडल राम सागर पति त्रिपाठी एवं सहायक निदेशक गोरखपुर मंडल संगीता सिंह उपस्थित रहेंगी।
समारोह में गोरखपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी, देवरिया के राम जियावन मौर्य, कुशीनगर के अनिल सिंह तथा महराजगंज के सुरजीत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री संजय राज सिंह, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, मंडल उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा, रामप्रकाश पाण्डेय, ईश्वर चंद शुक्ल, मंडल कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह, मीडिया प्रभारी रणधीर शाही सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



