बाढ़ के बीच गांवों में पहुंचे डीएम, बोले—हर प्रभावित परिवार तक पहुंचे राहत, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

बाढ़ के बीच गांवों में पहुंचे डीएम, बोले—हर प्रभावित परिवार तक पहुंचे राहत, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

गोरखपुर। तहसील गोला के बाढ़ प्रभावित ग्राम बगहा देवार और ज्ञानकोल में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा जरूरतों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, चिकित्सा सुविधाएं, पशुओं के लिए चारा और अन्य जरूरी राहत सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम ने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, एसडीएम गोला, थाना प्रभारी बड़हलगंज, तहसीलदार, आपूर्ति विभाग के कर्मचारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।



