फतेहपुर : पूर्व जिलाधिकारी के आदेश का नहीं हो रहा पालन, रजिस्ट्रेशन निरस्त करने का आदेश देने के बावजूद हो रहा अल्ट्रासाउंड

पूर्व जिलाधिकारी के आदेश का नहीं हो रहा पालन, रजिस्ट्रेशन निरस्त करने का आदेश देने के बावजूद हो रहा अल्ट्रासाउंड
अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर मामले में एसीएमओ ने झाड़ा पल्ला, कार्रवाई की जगह जांच की बात
रक्षा अल्ट्रासाउंड सेंटर में लगी डिग्री का मजा ले रहा अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर एक ही समय में दो जगह कैसे उपलब्ध रहती है डॉक्टर साहिबा?
फतेहपुर। जनपद में संचालित अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर एक बार फिर चर्चाओं में है। पूर्व जिलाधिकारी द्वारा सेंटर का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने का आदेश दिए जाने के बावजूद मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की ढिलाई के चलते सेंटर का मामला लगातार ठंडे बस्ते में डाला जा रहा है। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि कार्रवाई के नाम पर केवल जांच की बात कही जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई नजर नहीं आ रही | सूत्रों के अनुसार रक्षा अल्ट्रासाउंड सेंटर में पहले से ही डॉ. रश्मि रस्तोगी की डिग्री सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लगी हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर उसी समय अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर में उनकी डिग्री किस आधार पर प्रदर्शित की जा सकती है। और इस बीच अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर में कैसे यही डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कर सकती है ? इस पूरे मामले को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर खेल चल रहा है, जहां कार्रवाई के बजाय रुपयों की डील होने की चर्चाएं आम हैं। यही वजह है कि पूर्व जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने से बचते नजर आ रहे हैं। जब इस पूरे मामले को लेकर एसीएमओ पी.के. सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने अपने स्तर पर किसी कार्रवाई की जानकारी देने के बजाय सीएमओ और एसडीएम द्वारा जांच किए जाने की बात कही। उनके इस बयान के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि आखिर जिम्मेदारी तय कौन करेगा और कार्रवाई कब होगी।
Balram Singh
India Now24



