Breaking Newsभारत

पार्षद के घर चढ़कर सफाई कर्मचारी की पिटाई, महिला से छेड़खानी का आरोप; मारपीट के वीडियो वायरल

पार्षद के घर चढ़कर सफाई कर्मचारी की पिटाई, महिला से छेड़खानी का आरोप; मारपीट के वीडियो वायरल

बचाव में पहुंचे पार्षद पर भी हमला, बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर की कड़ी कार्रवाई की मांग

गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में मनबढ़ों की दबंगई का मामला सामने आया है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी से मारपीट और परिवार की महिला से छेड़खानी के आरोपों के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मनबढ़ों ने पार्षद के घर पर चढ़कर सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे रसूलपुर भट्टा क्षेत्र में विवाद की शुरुआत हुई। आरोप है कि कुछ मनबढ़ों ने महिला के साथ छेड़खानी की। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने महिला, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट की।

आरोप है कि इसके बाद रात करीब 11 बजे विवाद फिर बढ़ गया। मनबढ़ पार्षद के घर तक पहुंच गए और वहां सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट की। घटना के दौरान बचाव के लिए पहुंचे वार्ड संख्या 58 के पार्षद जुबेर अहमद पर भी हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है।

मारपीट के वायरल वीडियो में कुछ लोग आपस में भिड़ते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रविवार को सफाई कर्मचारी गोरखनाथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की मांग की। मामले को लेकर सफाई कर्मचारियों में आक्रोश दिखाई दिया।

गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक अनुराग सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button