दुल्लहपुर/गाजीपुर : एएनएम से मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ का आरोप, कार्रवाई की मांग

एएनएम से मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ का आरोप, कार्रवाई की मांग
धामूपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम ने 20-25 लोगों पर हमला, गाली-गलौज और तोड़फोड़ का लगाया आरोप
दुल्लहपुर/गाजीपुर। शहीद वीर अब्दुल हमीद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, धामूपुर में तैनात एएनएम अर्चना देवी ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए थाना दुल्लहपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सादात थाना क्षेत्र के सेमरोल-मंगारी गांव निवासी अर्चना देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, धामूपुर में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं। उनका आरोप है कि 18 जून की शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल परिसर में पानी भरने के बाद मेन गेट बंद नहीं किया गया था। जब उन्होंने गेट बंद करने के लिए कहा तो एक व्यक्ति आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति गांव से 20-25 लोगों को बुलाकर अस्पताल परिसर में पहुंचा और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके बाल खींचे गए तथा पैर की उंगली में गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर उनके पति और पुत्र मौके पर पहुंचे और उन्हें किसी तरह कमरे के अंदर ले जाकर सुरक्षित किया।पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उग्र होकर अस्पताल के दरवाजे, खिड़की, बैटरी और मेन गेट में भी तोड़फोड़ की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में कुछ लोग अक्सर शराब का सेवन करते हैं।एएनएम ने पुलिस से घटना की जांच कर मेडिकल परीक्षण कराने तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



