जखनिया (गाजीपुर) : शॉर्ट सर्किट से खुशी जनरल स्टोर के गोदाम में लगी भीषण आग, बाजारवासियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा; 5 से 7 लाख का नुकसान

शॉर्ट सर्किट से खुशी जनरल स्टोर के गोदाम में लगी भीषण आग, बाजारवासियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा; 5 से 7 लाख का नुकसान

जखनिया (गाजीपुर)। गाजीपुर जनपद के तहसील जखनिया अंतर्गत जखनिया बाजार के सोनारी गली स्थित खुशी जनरल स्टोर के गोदाम में सोमवार की सुबह लगभग 6:00 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता, बाजार व्यापारियों एवं पुलिस की सक्रियता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख सोनारी गली के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना आसपास के व्यापारियों को दी। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने गोदाम का ताला तोड़कर बाजारवासियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया।बताया जाता है कि खुशी जनरल स्टोर के संचालक भोला प्रसाद, पुत्र जयप्रकाश, मूल रूप से सादात के निवासी हैं। उनकी दुकान और गोदाम आमने-सामने स्थित हैं। सूचना मिलने पर भोला प्रसाद और उनके परिजन तत्काल मौके पर पहुंच गए।घटना की जानकारी बाजारवासियों द्वारा कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मोहम्मद सैफ, जयप्रकाश सिंह, प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक पुलिस एवं बाजारवासियों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पाया जा चुका था।स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास स्थित कई सर्राफा एवं अन्य प्रतिष्ठित दुकानों तक आग फैल सकती थी, जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति खतरे में पड़ सकती थी।घटना के बाद बाजारवासियों में फायर ब्रिगेड की विलंबित पहुंच को लेकर नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि जखनिया क्षेत्र में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था न होने से आपात स्थिति में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।दुकान मालिक भोला प्रसाद ने बताया कि आग से गोदाम में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उन्हें करीब 5 से 7 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस घटना की जांच कर रही है तथा आग लगने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

