Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान, फैमिली हेल्थ कार्ड का हुआ वितरण

पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान, फैमिली हेल्थ कार्ड का हुआ वितरण

रसोइयों की मेहनत से विद्यालयों में बच्चों को मिलता है पौष्टिक भोजन : विधायक बेदी राम

जखनिया (गाजीपुर)। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं फैमिली हेल्थ कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को तहसील सभागार जखनिया में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जखनिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक बेदी राम रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक बेदी राम को बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के योगदान को सराहा गया तथा उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फैमिली हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। बड़ी संख्या में मौजूद रसोइयों को सम्मानित कर उनके कार्य के प्रति आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बेदी राम ने कहा कि पीएम पोषण योजना में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। रसोइया विद्यालयों में केवल बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का कार्य नहीं करतीं, बल्कि वे बच्चों की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और उनकी आवश्यकताओं का भी ध्यान रखती हैं। प्रतिदिन सीमित संसाधनों में मेहनत और लगन से बच्चों को भोजन उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रसोइयों के हित में स्वास्थ्य सुविधा के लिए फैमिली हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा तथा मानदेय से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान देना रसोइयों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हित और सम्मान को लेकर लगातार कार्य कर रही है।खंड शिक्षा अधिकारी जखनिया राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पीएम पोषण योजना का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। इस योजना को सफल बनाने में विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि रसोइये प्रतिदिन पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ बच्चों के लिए भोजन तैयार करती हैं। उनके स्वास्थ्य की चिंता करते हुए फैमिली हेल्थ कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराना निश्चित रूप से उपयोगी कदम है।

उन्होंने रसोइयों से कार्ड का लाभ लेने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान पीएम पोषण योजना से जुड़ी व्यवस्थाओं, बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता तथा रसोइयों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जखनिया राघवेंद्र प्रताप सिंह, एआरपी अवनीश यादव, एआरपी प्रशांत सिंह, मनीष कुमार, अनिल यादव, अंकिता सिंह, पूर्णिमा यादव, शिखा पांण्डेय, हवलदार गौतम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। रसोइयों में मीरा देवी, इंद्रवाला, लालता देवी, शशिकला देवी, जयप्रकाश सहित बड़ी संख्या में रसोइयों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का सफल संचालन अध्यापक राधेश्याम यादव ने किया। अंत में उपस्थित अतिथियों एवं आयोजकों ने पीएम पोषण योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने में रसोइयों के योगदान की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button