जखनिया (गाजीपुर) : कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर किया हमला, छह भेड़ों समेत पांच मेमनों की दर्दनाक मौत

कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर किया हमला, छह भेड़ों समेत पांच मेमनों की दर्दनाक मौत

जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया क्षेत्र के पदुमपुर रामराय गांव में मंगलवार की रात आवारा कुत्तों के झुंड ने घर के अहाते में बंधी भेड़ों पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में छह भेड़ों समेत पांच मेमनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से भेड़ पालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार पदुमपुर रामराय निवासी दशई पाल पुत्र बंगाली पाल तथा उनके भाई विसई पाल ने अपने घर के अहाते में करीब 18 भेड़ों को रात में बांधकर रखा था। अहाते के चारों ओर करीब तीन से चार फीट ऊंची चहारदीवारी थी। बताया गया कि देर रात कुत्तों का झुंड चहारदीवारी लांघकर अहाते में घुस गया और बंधी हुई भेड़ों पर बुरी तरह हमला कर दिया। कुत्तों ने कई भेड़ों और मेमनों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे छह भेड़ों और पांच मेमनों की मौके पर ही मौत हो गई।भेड़ पालकों के मुताबिक घटना की जानकारी उन्हें कुत्तों के भौंकने और आहट के बाद हुई। आसपास के किसी व्यक्ति द्वारा घटना देखे जाने के बाद परिवार को इसकी सूचना मिली। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक कई भेड़ें और मेमने कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके थे।भेड़ पालकों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी कुत्तों द्वारा भेड़ों पर हमला किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद मंगलवार की रात हुए हमले ने परिवार को झकझोर कर रख दिया। बारिश के मौसम में भेड़ों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रात में अहाते में बांधा गया था, लेकिन चहारदीवारी के बावजूद कुत्तों का झुंड अंदर पहुंच गया।हमले में घायल तीन भेड़ों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका उपचार कराया जा रहा है। भेड़ पालकों का कहना है कि भेड़ पालन ही उनके परिवार की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है और इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों तथा मेमनों की मौत से उन्हें काफी आर्थिक क्षति हुई है।ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से अभियान चलाकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



