सचिवालय मे नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी के आरोपी पत्रकार विनय तिवारी गिरफ्तार

सचिवालय मे नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी के आरोपी पत्रकार विनय तिवारी गिरफ्तार
गोरखपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्रकार विनय तिवारी उर्फ विपिन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, थाना बांसगांव में 13 जून 2026 को दर्ज एफआईआर में पीड़िता खुशी यादव ने आरोप लगाया था कि उक्त पत्रकार ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे कुल 10 लाख रुपये लिए। इनमें 3.50 लाख रुपये RTGS के माध्यम से तथा 6.50 लाख रुपये नकद लिए गए। इसके बाद आरोपी ने एक कथित नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सचिवालय जाकर ज्वाइनिंग कराने का भरोसा दिया।
जब पीड़िता लखनऊ सचिवालय पहुंची तो वहां पता चला कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। शिकायत में बताया गया कि इस घटना से परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से टूट गया है, इस मामले में थाना बांसगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। FIR में आरोपी के रूप में विनय तिवारी उर्फ विपिन तिवारी, निवासी कौड़ीराम, गोरखपुर का नाम दर्ज हुआ और अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी तो नहीं किया।
इस गिरफ्तारी को पीड़िता खुशी यादव के लिए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



