Breaking Newsभारत

छत्तीसगढ़ : बलरामपुर..स्कूल में बच्चों संग मनाया जन्मदिन, ग्रामीणों की मांग पर हैंडपंप और किसानों के लिए वाटर कूलर की सौगात बेला कुशवाहा का अनोखा जन्मदिन: शिक्षा, सम्मान और जनसेवा की दिखाई मिसाल ..

बलरामपुर..स्कूल में बच्चों संग मनाया जन्मदिन, ग्रामीणों की मांग पर हैंडपंप और किसानों के लिए वाटर कूलर की सौगात बेला कुशवाहा का अनोखा जन्मदिन: शिक्षा, सम्मान और जनसेवा की दिखाई मिसाल ..

शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़

बलरामपुर। जिला पंचायत सदस्य बेला कुशवाहा ने अपना जन्मदिन इस बार सामाजिक सरोकारों और जनसेवा को समर्पित करते हुए अनोखे अंदाज में मनाया। उन्होंने ग्राम पंचायत वीरेंद्र नगर के माध्यमिक शाला में स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान बच्चों के साथ केक काटने के बजाय उन्हें शिक्षा सामग्री वितरित कर पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। वहीं दूसरी ओर वाड्रफनगर स्थित जिला सहकारी बैंक में किसानों की पेयजल समस्या को देखते हुए वाटर कूलर भी स्थापित कराया गया, जिससे बैंक आने वाले किसानों और आम लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, शिक्षा सामग्री की वितरित …

ग्राम पंचायत वीरेंद्र नगर के माध्यमिक शाला में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बेला कुशवाहा ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से समय बिताया। उन्होंने सभी बच्चों को कॉपी और पेन वितरित करते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बेला कुशवाहा ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने का भी माध्यम होना चाहिए। यदि इस दिन किसी जरूरतमंद की मदद हो जाए और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान आ जाए, तो यही सबसे बड़ा उपहार है।

शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों का किया सम्मान….

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। बेला कुशवाहा ने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य का निर्माण करते हैं और उनके योगदान का सम्मान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना की।

ग्रामीणों की मांग पर हैंडपंप की तत्काल घोषणा…

कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र नगर के पंडो पारा के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या से जिला पंचायत सदस्य को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से हैंडपंप की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए बेला कुशवाहा ने मौके पर ही पंडो पारा में तत्काल नया हैंडपंप खुदवाने की घोषणा की। उनके इस निर्णय का ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया और जनहित में त्वरित निर्णय लेने के लिए आभार व्यक्त किया।

किसानों की सुविधा के लिए सहकारी बैंक में लगाया वाटर कूलर

जन्मदिन के अवसर पर ही जिला सहकारी बैंक, वाड्रफनगर में किसानों और बैंक आने वाले लोगों की सुविधा के लिए वाटर कूलर भी स्थापित कराया गया। बैंक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में उन्हें स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। स्थानीय किसानों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से बैंक परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब वाटर कूलर लगने से किसानों को काफी राहत मिलेगी।

सेवा और जनसरोकार का संदेश…

जन्मदिन के अवसर पर किए गए इन सामाजिक कार्यों की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरण, शिक्षकों का सम्मान, ग्रामीणों की मांग पर हैंडपंप की घोषणा और किसानों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना यह दर्शाता है कि जनप्रतिनिधि यदि चाहें तो अपने व्यक्तिगत अवसरों को भी समाज सेवा का माध्यम बना सकते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने बेला कुशवाहा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button