गोरखपुर में नाग पंचमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे एसपी नार्थ

गोरखपुर में नाग पंचमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे एसपी नार्थ
नाग पंचमी पर शिवालय में आस्था का जनसैलाब
गोरखपुर। सावन माह के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन संयोग पर पिपराइच स्थित प्रसिद्ध मोटेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका शिवमय नजर आया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र खुद मोटेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मंदिर परिसर से लेकर प्रवेश और निकास मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी नार्थ ने भीड़ के दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाए।
मंदिर में सुबह से ही महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा की थाली, दूध, बेलपत्र और फूल लेकर कतार में खड़े नजर आए। सावन सोमवार और नाग पंचमी के विशेष संयोग के चलते श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों का लगातार भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। पुलिसकर्मियों को महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की मुस्तैदी के चलते भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया गया और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में भगवान मोटेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन किया।
नाग पंचमी और सावन सोमवार के इस विशेष अवसर पर मोटेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा जनसैलाब जहां गोरखपुर की शिवभक्ति का गवाह बना, वहीं मौके पर एसपी नार्थ की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता भी साफ तौर पर दिखाई।
बम बम भोले


