गोरखपुर : गोरखपुर में हनुमान जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार

गोरखपुर में हनुमान जी की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
गोरखपुर। जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में हनुमान जी की प्राचीन प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार (18 जून) की रात कुछ अराजकतत्वों ने गांव में स्थित हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित कर पास के एक खेत में फेंक दिया। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं मिली। तलाश करने पर प्रतिमा खेत में टूटी हुई अवस्था में बरामद हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इस कृत्य पर नाराजगी जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिपराइच थाना पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।
इस संबंध में सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों द्वारा दो व्यक्तियों पर संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



