गाजीपुर : 30जून को सादात व जखनियां ब्लॉक का दौरा करेंगे डीएम अनुपम शुक्ला, पंचायत भवन में चौपाल लगाकर सुनेंगे जनसमस्याएं

30जून को सादात व जखनियां ब्लॉक का दौरा करेंगे डीएम अनुपम शुक्ला, पंचायत भवन में चौपाल लगाकर सुनेंगे जनसमस्याएं
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा, अधिकारियों के साथ बैठक के बाद अलीपुर मथुरा पंचायत भवन में जनसुनवाई एवं योजनाओं का लेंगे जायजा।
गाजीपुर। जनपद में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मंगलवार को विभिन्न विकास खंडों एवं पंचायत भवनों का दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी दोपहर 2:00 बजे विकास खंड सादात पहुंचेंगे, जहां ब्लॉक सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करेंगे। बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इसके बाद जिलाधिकारी दोपहर 3:00 बजे विकास खंड जखनियां पहुंचेंगे। यहां भी ब्लॉक स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, पंचायतों में चल रहे कार्यों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की स्थिति का आकलन करेंगे। साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे। जिलाधिकारी का अगला पड़ाव ग्राम पंचायत अलीपुर मदंरा का पंचायत भवन होगा, जहां चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा।जिलाधिकारी के इस दौरे को लेकर संबंधित ब्लॉकों एवं पंचायत स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।



