गाजीपुर : 18 से 20 जून तक राइफल क्लब में लगेगा भव्य जनकल्याण मेला, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए नवाचार के निर्देश

18 से 20 जून तक राइफल क्लब में लगेगा भव्य जनकल्याण मेला, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए नवाचार के निर्देश
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होगी प्रदर्शनी, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

गाजीपुर, 04 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित किए जाने वाले जनजागरूकता अभियान एवं प्रदर्शनी/मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 18 जून से 20 जून 2026 तक राइफल क्लब परिसर, गाजीपुर में तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी एवं जनकल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
विभिन्न विभाग लगाएंगे सूचना एवं सेवा स्टॉल बैठक में मेले के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। मेले में उद्यान, पशुपालन, दुग्ध विकास, वन विभाग, सहकारिता, मत्स्य विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि, पंचायती राज विभाग, नेडा एवं पीएम सूर्यघर योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, खेलकूद विभाग, उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र, जिला सेवायोजन कार्यालय, चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, नगर विकास, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के स्टॉलों पर ऐसे नवाचार करें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके।उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराएं।बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार की लाभपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी विशेष ध्यान दें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। उन्होंने जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की तथा कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।तीन दिवसीय यह जनकल्याण मेला एवं प्रदर्शनी आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।



