Breaking Newsभारत

गाजीपुर : स्वतंत्रता दिवस पर गाजीपुर में विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

स्वतंत्रता दिवस पर गाजीपुर में विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

गाजीपुर, 14 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 15 अगस्त, 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 06:30 बजे से 07:00 बजे तक क्रॉसकंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। रेस नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर पीजी कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइन मेन गेट होते हुए आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज तक जाएगी तथा उसी मार्ग से वापस लौटकर नेहरू स्टेडियम के मुख्य द्वार पर समाप्त होगी। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक जिला क्रीड़ा अधिकारी होंगे।प्रातः 07:00 से 07:45 बजे तक प्रभात फेरी राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज से अफीम फैक्ट्री होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। प्रभात फेरी में शामिल प्रतिभागी कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के समय उपस्थित रहेंगे। इसका आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा कराया जाएगा।प्रातः 08:00 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान तथा प्रातः 08:30 बजे रायफल क्लब ग्राउंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों को सम्मानित करने के साथ गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।राजकीय संप्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में प्रातः 08:00 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के बाद बच्चों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के बाद मरीजों एवं बच्चों को फल-मिष्ठान वितरित किए जाएंगे।ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के अमृत सरोवरों तथा ग्राम सचिवालयों पर ध्वजारोहण के साथ वृक्षारोपण, प्रकाश व्यवस्था, स्वतंत्रता संग्राम के महत्व पर गोष्ठी एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी, शहीद देशभक्तों के प्रेरक प्रसंग, नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी एवं निबंध लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।प्रातः 09:00 बजे लंगड़पुर छावनी लाइन स्थित वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। आश्रम पद्धति विद्यालय चकेरी में भी बच्चों को फल एवं मिष्ठान का वितरण किया जाएगा।प्रातः 10:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी समय दलित बाहुल्य मलिन बस्ती रजागंज में विशेष सफाई अभियान चलाकर मिष्ठान वितरण किया जाएगा। अन्य दलित मलिन बस्तियों में भी विशेष सफाई अभियान एवं मिष्ठान वितरण कराया जाएगा।दोपहर 12:30 बजे जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। दोपहर 01:30 बजे जिला कारागार में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा कैदियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। दोपहर 02:00 बजे राजकीय विशेष गृह एवं मूक-बधिर संस्थाओं में मिष्ठान वितरण किया जाएगा।प्रत्येक कृषि विज्ञान केंद्र पर न्यूनतम 75 किसानों को पौधे एवं तिरंगा भेंट किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि 13 से 15 अगस्त 2026 तक समस्त सरकारी कार्यालयों एवं भवनों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों तथा घर-घर तिरंगा झंडा एवं तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button