गाजीपुर : साइकिल सवार को बचाने में पिकअप पलटी, 26 घायल

गाजीपुर
साइकिल सवार को बचाने में पिकअप पलटी, 26 घायल
गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के उचौरी गांव के पास सोमवार को कासिमाबाद-गाजीपुर मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में महिलाओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चार पुरुष और करीब 22 महिलाएं घायल हो गईं। इनमें सुदर्शन और रामदरस की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
कासिमाबाद थाना प्रभारी राजनारायन ने बताया कि पिकअप में सवार महिलाएं शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। उचौरी गांव के पास अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घायलों में सुदर्शन, रामदरस, गणेश, राजेश्वरी, राजदुलारी, बेरी, सुकुतरी, रजनी और शनिचरी समेत दो दर्जन से अधिक लोग शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पिकअप में करीब 26 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है।


