Breaking Newsभारत

गाजीपुर : सरकारी अधिकारी बताने वाले हर व्यक्ति का आई-कार्ड जरूर देखें: डीएम अनुपम शुक्ला

सरकारी अधिकारी बताने वाले हर व्यक्ति का आई-कार्ड जरूर देखें: डीएम अनुपम शुक्ला

फर्जी अधिकारियों से सावधान रहने की अपील, बिना पहचान पत्र किसी को न दें व्यक्तिगत जानकारी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अपील की है कि वर्तमान में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, सत्यापन एवं निरीक्षण के लिए नियमित रूप से गांवों और शहरों में भ्रमण कर रहे हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति स्वयं को सरकारी अधिकारी या कर्मचारी बताता है, तो सबसे पहले उसका विभागीय पहचान पत्र (आई-कार्ड) अवश्य देखें।जिलाधिकारी ने बताया कि लेखपाल, राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी राजस्व, विकास, पंचायत, कृषि, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए क्षेत्र में सर्वेक्षण, सत्यापन और जनसमस्याओं के निस्तारण का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना वैध परिचय पत्र के स्वयं को सरकारी कर्मचारी बताकर जानकारी मांगता है, दस्तावेज मांगता है या किसी प्रकार का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी, तहसील प्रशासन, पुलिस अथवा जिला प्रशासन को दें।डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी के पास विभाग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है। इसलिए किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी या आवश्यक दस्तावेज देने से पहले संबंधित अधिकारी का आई-कार्ड अवश्य जांच लें।जिलाधिकारी ने कहा कि यह सतर्कता नागरिकों को संभावित धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की, ताकि जनपद में पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button