गाजीपुर : शिक्षामित्रों के वेतन में बढ़ोतरी: ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000, गाजीपुर में वितरित हुए चेक।

शिक्षामित्रों के वेतन में बढ़ोतरी: ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000, गाजीपुर में वितरित हुए चेक।

गाजीपुर।उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षामित्रों के वेतन में बढ़ोतरी का लाभ अब जमीनी स्तर पर मिलने लगा है। अप्रैल 2026 से शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 किए जाने के निर्णय के क्रम में जनपद गाजीपुर में रायफल क्लब सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर (पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग) तथा राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित शिक्षामित्रों को वेतन वृद्धि से संबंधित चेक वितरित किए।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार शिक्षामित्रों के हितों के प्रति संवेदनशील है और यह वेतन वृद्धि उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में जखनियां विधायक बेदी राम, नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।समारोह में मौजूद शिक्षामित्रों ने सरकार के इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और वे और अधिक मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।



