गाजीपुर : विभाजन की पीड़ा से सीख लेकर एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प

विभाजन की पीड़ा से सीख लेकर एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प

गाजीपुर, 14 अगस्त 2026। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय की ओर से ऑडिटोरियम परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके उपरांत ऑडिटोरियम हॉल में मुख्यमंत्री जी के लाइव प्रसारण को देखा एवं सुना गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले देशवासियों को नमन करते हैं। विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई यातना और वेदना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने तथा उन बलिदानों को स्मरण करने के उद्देश्य से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि भारत के लाखों लोगों ने बलिदान देकर स्वतंत्रता प्राप्त की, लेकिन देश का दो टुकड़ों में विभाजन लाखों परिवारों के लिए आज भी गहरे जख्म की तरह है। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें भेदभाव, वैमनस्य एवं दुर्भावना को समाप्त करने की प्रेरणा देता है। साथ ही यह दिवस देश में एकता, सामाजिक सद्भाव और मानव सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।कार्यक्रम के दौरान जिला सामाजिक वानिकी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



