Breaking Newsभारत

गाजीपुर : राजस्व मामलों में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम अनुपम शुक्ला

राजस्व मामलों में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम अनुपम शुक्ला

700 से अधिक प्रकरणों का हुआ निस्तारण, 140 हेक्टेयर भूमि कराई गई खाली

गाजीपुर 21 मई, 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद गाजीपुर में 12 मई 2026 से अब तक राजस्व विभाग द्वारा न्यायालयों के आदेशों के अनुपालन में जमीन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद में 700 से अधिक प्रकरणों का निस्तारण मात्र 8 से 9 दिनों में कराया गया है तथा लगभग 140 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। इस अभियान में विभिन्न तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस एवं ब्लॉक स्तर की टीमों को लगाया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि धारा 24 के अंतर्गत पैमाइश, धारा 116 के तहत बंटवारा तथा धारा 67 के अंतर्गत सरकारी भूमि पर कब्जे से संबंधित मामलों का भी निस्तारण कराया गया है। उन्होंने कहा कि जब राजस्व कर्मचारी फील्ड में जाते हैं तो वे न्यायालय अथवा सक्षम अधिकारी के आदेश के क्रम में ही कार्रवाई करते हैं। यदि किसी व्यक्ति को शिकायत है तो वह संबंधित उच्च अधिकारियों से संपर्क कर सकता है अथवा न्यायालय में अपील दायर कर सकता है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि अपील लंबित है तो संबंधित पक्ष न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त कर सकता है, जो उसका अधिकार है। लेकिन मौके पर राजस्व कर्मचारियों को कार्य करने से रोकना या अधिकारियों के साथ अभद्रता एवं गुंडागर्दी करना अपराध की श्रेणी में आता है।

डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एनएसए, गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी के बहकावे में न आएं तथा न्यायालय की प्रक्रिया का दुरुपयोग करने का प्रयास न करें। प्रशासन पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतिदिन जनता दर्शन के माध्यम से शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button