गाजीपुर : यूपीटेट-2026: डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

यूपीटेट-2026: डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, नकल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
18 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई पहले दिन की परीक्षा, सुरक्षा व निगरानी व्यवस्था रही चाक-चौबंद

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट-2026) को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।द्वितीय पाली के दौरान अधिकारियों ने स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर तथा लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, गाजीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन की सभी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाए तथा शासन के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी केंद्र पर नकल या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।जनपद में यूपीटेट-2026 के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम दिवस दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 तथा दूसरी पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं उड़न दस्ते लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।



