गाजीपुर : बहरियाबाद पुलिस ने चार वांछित आरोपितों को दबोचा, तमंचा-कारतूस समेत सामान बरामद

बहरियाबाद पुलिस ने चार वांछित आरोपितों को दबोचा, तमंचा-कारतूस समेत सामान बरामद
पलिवार-गदाईपुर तिराहे से हुई गिरफ्तारी, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, कड़ा, दो बाइक व मोबाइल बरामद
गाजीपुर, 12 अगस्त। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 130/2026 से संबंधित चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लोहे का कड़ा, अवैध देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 1040 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव एवं उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन मय हमराह ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पलिवार से हरिजन बस्ती एवं ग्राम गदाईपुर जाने वाले तिराहे के पास से आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में विवेक सिंह उर्फ बग्गड़ पुत्र सुदामा सिंह निवासी मोकलपुर, थाना तरवां, आजमगढ़, सुगम उर्फ हर्ष वर्मा पुत्र सिकंदर वर्मा निवासी मोकलपुर टोला उसरताला, थाना तरवां, आजमगढ़, अमन सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह उर्फ धुरंधर सिंह निवासी तरवां बड़कापुरा, थाना तरवां, आजमगढ़ तथा जग्गू यादव पुत्र हरिहर यादव निवासी शिवरामपुर (रामवन), थाना भुड़कुड़ा, गाजीपुर शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध थाना बहरियाबाद में धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। बरामद अवैध तमंचा व कारतूस के संबंध में आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई है।पुलिस के मुताबिक विवेक सिंह उर्फ बग्गड़ के विरुद्ध बहरियाबाद थाने के मुकदमे के अलावा आजमगढ़ के तरवां थाने में भी मुकदमा दर्ज है। वहीं जग्गू यादव के विरुद्ध भुड़कुड़ा थाने में वर्ष 2020 एवं 2021 के मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं।बरामदगी में एक लोहे का पाइप, एक लोहे का कड़ा, .315 बोर का अवैध देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 1040 रुपये नकद तथा पल्सर संख्या यूपी50डीसी4339 एवं अपाचे संख्या यूपी50बीएक्स5364 शामिल हैं।गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन एवं थाना बहरियाबाद के हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।



