गाजीपुर : पेड़ से टकराई बुलेट, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

गाजीपुर
पेड़ से टकराई बुलेट, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के परमेठ पुल के पास मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे एक मोटरसाईकिल पेड़ से टकरा गई जिससे मोटरसाइकिल सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बुलेट बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा जाने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक बसंतपट्टी गांव निवासी रामदरश दूबे (56 वर्ष) किसी कार्य से गाजीपुर गए थे। कार्य निपटाकर वह बुलेट बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह परमेठ पुल के आगे पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नीम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में पीछे बैठे रामदरश दूबे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चला रहा व्यक्ति वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर करंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं।



