गाजीपुर : पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, 10 जुलाई तक करें आवेदन

पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, 10 जुलाई तक करें आवेदन
गाजीपुर, 24 जून। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत जनपद के पात्र अभ्यर्थियों को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने बताया कि योजना के लिए ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जो इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण हों, उनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम हो, आयु 35 वर्ष से अधिक न हो तथा वे जनपद के मूल निवासी एवं बेरोजगार हों। साथ ही अभ्यर्थी किसी अन्य शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 जून, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट www.obccomputertraining.upsdc.gov.in अथवा backwardwelfareup.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की प्रति के साथ आय एवं जाति प्रमाण पत्र, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियां दो सेट में तैयार कर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर कार्यालय में 10 जुलाई, 2026 को सायं पांच बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में दर्ज विवरणों की शुद्धता की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित आवेदक की होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।फोटो कैप्शन : निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की जानकारी देते जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त करते अभ्यर्थी।



