Breaking Newsभारत

गाजीपुर : निर्धारित मूल्य से अधिक पर खाद बेचने वाले विक्रेता पर एफआईआर

निर्धारित मूल्य से अधिक पर खाद बेचने वाले विक्रेता पर एफआईआर

गाजीपुर, 19 अगस्त। कृषकों की शिकायत पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर तहसीलदार सैदपुर द्वारा विकासखंड सैदपुर स्थित मेसर्स आनंद खाद भंडार की जांच की गई। जांच के दौरान विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक की बिक्री किए जाने की पुष्टि होने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई।जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जनपद में उर्वरक बिक्री पर विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वर्तमान में प्रयोग होने वाले प्रमुख उर्वरक यूरिया की बिक्री किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही अनिवार्य रूप से की जाए। यदि कोई विक्रेता अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचता है अथवा यूरिया के साथ कम प्रचलित अन्य उत्पाद खरीदने के लिए किसानों को बाध्य करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने किसानों से अपील की कि वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें तथा आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का प्रयोग न करें। अधिक उर्वरक के प्रयोग से खेती की लागत बढ़ने के साथ मृदा एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पाद के लिए हरी खाद, कम्पोस्ट खाद, वर्मी कम्पोस्ट, नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के प्रयोग को बढ़ावा देने की सलाह दी गई।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खरीफ एवं रबी मौसम में दलहन, तिलहन और मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग द्वारा बीज की ऑनलाइन बुकिंग कराई जा रही है। किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है। रबी मौसम के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ हो गई है।किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। खरीफ में अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा, कोदो, सांवा एवं मडुवा/रागी के बीज मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं रबी मौसम में चना, मटर, मसूर एवं सरसों के बीज के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button